गिरगिट स्वभाव का
होता है
स्पर्श का रंग।
अनायास
या कामकाजी स्पर्श
रंगहीन होता है।
इस स्पर्श की
पुनरावृत्ति भी
इसे रंग नहीं दे पाती।
स्पर्श रंग बदलता है
अंतर्निहित भावना का
दामन थामकर।
अक्सर स्पर्श का रंग
परिलक्षित होता है
स्पर्शित अंग विशेष पर नहीं,
वरन
चेहरे पर।
अनुरागी, विद्रोही, वासनात्मक और
स्नेहजनित रंग
चेहरे के साथ-साथ
सम्पूर्ण कायनात को
कैनवास बना लेते हैं
और
अपनी रंगत बिखेर देते हैं।
अनुराग का रंग
किसी एक रंग में
ठहरता नहीं।
यह सापेक्ष होता है
दर्शक के नज़र का,
स्पर्शित और स्पर्शक के
उहापोह का।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें