मंगलवार, 7 जुलाई 2026

चुम्बन और चुम्बक

 

चुम्बन और चुम्बक में
केवल ध्वन्यात्मक साम्य ही नहीं,
स्वभाव का रिश्ता भी है।

दोनों खींच लेते हैं
अपने-अपने ध्रुव की ओर।

चुम्बकीय फ्लक्स* की
अदृश्य लय में
विपरीत ध्रुव
प्रगाढ़ आलिंगन में बँध जाते हैं।

फिर अलग होने के लिए
अतिरिक्त बल लगाना पड़ता है।

अमूर्त प्रेम
जब मूर्त होने लगता है,
तो वह
संकोच के हल्के स्पर्श से
होकर गुजरता है।

स्पर्शजनित अनुनाद
दैहिक कायनात को प्रकम्पित करता है;
वहीं से जन्म लेता है
एक चुम्बन,
जो प्रगाढ़ आलिंगन को आमंत्रित करता है।

उस क्षण
आकर्षण का अदृश्य फ्लक्स
दो देहों को
एक अनुभव में बदल देता है।


*फ्लक्स = चुंबकीय बल रेखाओं की मात्रा

कोई टिप्पणी नहीं: