यह दुनिया
सिर्फ़ दो तरह के लोगों से बनी है—
एक वे,
जो प्यार करते हैं...
और दूसरे,
जिनके हिस्से
प्यार कभी
आया ही नहीं।
विडंबना यह कि
प्यार को जाँचने-परखने
और परिभाषित करने का
जोखिम-भरा दायित्व
दूसरे वर्ग के हिस्से आया,
क्योंकि प्यार करने
वाले तो
प्यार के अलावा
और कुछ जानते ही नहीं हैं।
पंचतारा वर्ग के लोगों ने
धार्मिक चश्मे पहनकर
सबसे पहले
प्यार का नामकरण किया,
और इस पर
‘लव जिहाद’ की
सर्वसम्मति से
मुहर लगा दी।
इसी क्रम में उन्होंने
प्यार को
एक सामाजिक रोग
घोषित कर दिया
और
इसके ख़िलाफ़
तैनात कर दिया
(अ)सामाजिकों को।
और... और...
इन सबके बीच
कहाँ फ़ुर्सत है
प्यार करने वालों को,
कि वे
इस नामकरण और
परिभाषा पर
ख़ुद को परखें!
वे,
जो प्यार कर रहे हैं...
और
सिर्फ़ प्यार कर रहे हैं...














